संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। जम्मू के बीनिया मीन ने बस्सी दंगल पर कब्जा कर लिया है। बड़ी माली के मुकाबले में उन्होंने ईरान के पहलवान आमिर खान को चित किया है। विजेता और उपविजेता को सम्मानित किया गया।
बिश्नाह तहसील के गांव बस्सी में मंगलवार को वार्षिक दंगल का आयोजन हुआ, जिसमें भाजपा वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री चंद्र प्रकाश गंगा मुख्य अतिथि थे। वहीं, जय कुमार शर्मा तहसीलदार, एसपी हेड क्वार्टर रमनीष गुप्ता, एसडीपीओ आरएस पुरा निखिल गोगना, बिश्नाह थाना प्रभारी विक्रम शर्मा, कनहाल पंचायत के सरपंच जितेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे। दंगल का आयोजन गांव के देवस्थान बाबा परागनाथ के पास हुआ। दंगल में में प्रदेश सहित अन्य राज्यों के पहलवानों ने हिस्सा लिया।
बड़ी माली ईरान के पहलवान आमिर खान और जम्मू के पहलवान बिनिया मीन के बीच हुई, जिसमें दर्शकों को कड़ा मुकाबला देखने को मिला। जम्मू के पहलवान बिनिया ने ईरानी पहलवान को चित कर दंगल को अपने नाम कर लिया। दंगल कमेटी की तरफ से विजेता और उपविजेता को 35-35 हजार रुपये की नकद राशि, कूलर, पंखे और फ्रीज आदि से सम्मानित किया।