संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। जियोलॉजी और माइनिंग विभाग की टीम पंजनाड़ा गांव में जमीन धंसने के कारणों का पता लगाएगी। कोटरंका के एडीसी दिल मीर ने बताया कि सोमवार को जम्मू से टीम गांव का दौरा करेगी। पंजनाड़ा गांव में जमीन धंसने से क्षतिग्रस्त मकानों में रह रहे 90 लोगों को पीएचसी के भवन में शिफ्ट किया गया है। वहां लोगों को हर सुविधा दी जा रही है। गांव के पूर्व सरपंच नजीर अहमद ने बताया कि जिन मकानों को दरारें पड़ी हैं या जो मकान ढह गए हैं, उनमें से 13 परिवार पहले ही माल-मवेशी लेकर ढोकों में जा चुके हैं। 5 परिवारोें को शिफ्ट किया गया है। शिफ्ट किए लोगों को खाने-पीने का सामान प्रशासन और सेना ने प्रदान किया है। लोगों को कंबल-तिरपाल उपलब्ध करवाए गए हैं। पूर्व सरपंच के अनुसार गांव में एसडीआरएफ की टीम मौजूद है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।