रियासी। नगर के विभिन्न स्थानों पर लावारिस घूम रहे मवेशियों से स्थानीय लोगों के साथ ही दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर की मंडियों, मोहल्ले के साथ ही रामगली व मुख्य बाजार में मवेशी घूमते दिखाई देना आम बात हो गई है। बताया जाता है कि नगर के कुछ लोगों ने मवेशी पाल रखे हैं। इनको वह रोजाना खोल देते हैं वही मवेशी पूरा दिन बाजारों व गलियों में घूमते रहते हैं। कुछ मवेशियों के गले में पट्टा भी डला होता है, जिससे दिखता है कि वह मवेशी पालतू है। गौरतलब है कि मवेशियों पर कार्रवाई करने के लिए म्यूनिसिपल कमेटी ने वार्ड नंबर-तेरह में अंजी तवी के पास एक बाड़े का निर्माण कराया था, जिस पर लगभग 30 हजार रुपयों का खर्च आया था। बाद में इसे चलाने व मवेशियों को पकड़ कर ले जाने की जिम्मेदारी प्राइवेट ठेकेदार को दी गई। पकडे़ गए मवेशियों के मालिकों से जुर्माना भी वसूल किया गया था, लेकिन मौजूदा समय के दौरान नगर के एक बार फिर से लावारिस मवेशियों की तादाद बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने कमेटी के अधिकारियों से इस पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ब्यूरो