आरएस पुरा। उप जिले में पावन नवरात्र पर मंदिरों में सजावट करने के साथ ही पहले नवरात्र की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नवरात्र पर मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा अर्चना की जाती है। आरएस पुरा कस्बे में स्वामी प्रकाशानंद की अध्यक्षता में नवरात्र से हर दिन सुबह व शाम को कंजक पूजन किया जाएगा। स्वामी प्रकाशानंद ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गीता भवन मंदिर में नवरात्र के दिनों में कंजक पूजन किया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के श्रद्धालु हर दिन मंदिर में पहुंच कर मां दुर्गा का गुणगान करने के साथ कंजक पूजन करते हैं। वहीं कस्बे के वार्ड सात के दुर्गा माता मंदिर, शीतला माता मंदिर में लोगों के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है ताकि भक्तजन मंदिर में पहुंच विधि पूर्वक पूजा कर सके। उधर ग्रामीण क्षेत्र में भक्तजनों ने पावन नवरात्रों को देखते हुए मंदिरों में सजावट करने के साथ प्रथम नवरात्र के दिन प्राता मंदिरों में हवन किया जाएगा। मीरा साहिब क्षेत्र में सड़क किनारे मां दुर्गा के मंदिर, गांव कृष्णा नगर में दुर्गा माता मंदिर व रतिया हैड पुल के पास स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की ओर से नवरात्र पर मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा अर्चना की जाएगी।