- गुलशन मैदान में पुलिस-पब्लिक मेला : उप राज्यपाल ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
- कहा-जेकेपीडब्ल्यूडब्ल्यूए पुलिस जवानों, उनके परिवारों के कल्याण के लिए कर रही काम
- साझा विरासत का जश्न मनाने के लिए एक मंच के रूप में उभरा मेला
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। देश की संप्रभुता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को हमेशा याद रखा जाएगा। हम शहीदों और उनके परिवारों के सदा आभारी रहेंगे। यह बात तीन साल बाद कोविड मुक्त माहौल के बीच गुलशन मैदान में रविवार को हुए 33वें पुलिस-पब्लिक मेले के शुभारंभ पर उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कही। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पुलिस-पब्लिक मेला पुलिस अधिकारियों और जनता के बीच बातचीत करने, साझा विरासत का जश्न मनाने के लिए एक मंच के रूप में उभरा है।
एलजी ने शहीदों और सेवारत पुलिस कर्मियों के परिवारों की परेशानियां दूर करने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (जेकेपीडब्ल्यूडब्ल्यूए) की ओर से शुरू की गई पहलों की सराहना की। कहा कि जेकेपीडब्ल्यूडब्ल्यूए पुलिस जवानों और उनके परिवारों के लिए कल्याणकारी उपायों को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। एलजी ने मेले के दौरान पुलिस प्रतिष्ठानों, जिलों, जेकेआरएलएम की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरिक्षण किया। डीजीपी दिलबाग सिंह, जेकेपीडब्ल्यूडब्ल्यूए की अध्यक्ष डॉ. रुबिंदर कौर ने उप राज्यपाल को पुलिस-पब्लिक मेले के लिए की गई व्यापक व्यवस्था और जम्मू-कश्मीर पुलिस कर्मियों के परिवारों के कल्याण के लिए की गई गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।