छठ पूजा के लिए तैयार किया जा रहा तालाब
बड़ी ब्राह्मणा। छठ का पर्व शुरू हो गया है। छठ पूजा के लिए बाड़ी ब्राह्मणा के सिडको मैदान में विशेष आयोजन किया गया है। यहां एक तालाब बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तालाब 80 फीट लंबा, पांच फीट चौड़ा और तीन फीट गहरा रहेगा। मौके पर 20×100 फीट क्षेत्रफल का टेंट भी लगाया जाएगा। इस बार छठ पूजा में 20 नवंबर को पूर्व मंत्री चंद्रप्रकाश गंगा भी लोगों के बीच शामिल होंगे। छठ पूजा आयोजन मंडली के प्रधान संतोष कुमार ने बताया कि इससे पहले छठ पूजा नहर पर की जाती रही है, लेकिन इस बार विशेष तौर पर तालाब बनाकर उसके इर्द-गिर्द खड़े होकर सूर्य को अर्घ दिया जाएगा। शाम को सिडको मैदान में डीजे और अन्य किस्म की दुकानें सजेंगी, जिसमें लोग खरीदारी करेंगे और पर्व को उत्साह के साथ मनाने का बंदोबस्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में हम घरों में तो नहीं जा सकते, लेकिन उसके बावजूद यहां पर कोरोना के अंतर्गत आने वाली सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद हम छठ पूजा का आयोजन करेंगे। संवाद