विजयपुर। पार्षद एवं कांग्रेस नेता राजन शर्मा ने विजयपुर में एक बैठक के दौरान हिंदी दिवस पर शुभकामनाएं दी। हिंदी भाषा के बारे में लोगों को जागरूक किया। राजन शर्मा ने कहा कि एक देश की पहचान उसकी सीमा व भूगोल से होती है, लेकिन उसकी सबसे बड़ी पहचान उसकी भाषा है। भारत की विभिन्न भाषाएं व बोलियां उसकी शक्ति हैं। उसकी एकता का प्रतीक भी। सांस्कृतिक व भाषाई विविधता से भरे भारत में ‘हिंदी’ सदियों से पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोने का काम कर रही है। हिंदी भारतीय संस्कृति का अटूट अंग है। स्वतंत्रता संग्राम के समय से यह राष्ट्रीय एकता और अस्मिता का प्रभावी व शक्तिशाली माध्यम रही है। हिंदी की सबसे बड़ी शक्ति इसकी वैज्ञानिकता, मौलिकता और सरलता है। उन्होंने कहा कि हिंदी दिवस के अवसर पर नमन करता हूूं और देशवासियों से यह आह्वान भी करता हूं कि अपनी मातृभाषा के साथ-साथ हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग कर उनके संरक्षण व संवर्धन में अपना योगदान देने का संकल्प लें।