संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। प्रदेश के सरकारी डिग्री कालेजों में दाखिले के लिए जारी कामन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के दूसरे दिन वीरवार को भौतिकी और गणित के पेपर हुए। शहर के परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। महिला कालेज परेड, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक और अन्य परीक्षा केंद्रों पर चिलचिलाती धूप में परीक्षार्थी पहुंचे। दो पालियों में परीक्षाएं ली गईं । पहली पाली में भौतिकी की परीक्षा दोपहर तीन बजे से और दूसरी पाली में गणित की परीक्षा शाम पांच बजे से शुरू हुई।
पहली पाली में परीक्षा देने वाले छात्र दोपहर एक बजे ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचे थे। छात्रों के साथ उनके अभिभावक भी साथ थे। दोपहर दो बजे विद्यार्थियों की जांच कर उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। भौतिकी की परीक्षा देकर लौटे छात्रों के चेहरे खिले दिखे। कटड़ा के वंश ने बताया कि पेपर बहुत अच्छा रहा। पहले से तैयारी की हुई थी, इसलिए ज्यादा मुश्किल नहीं हुई। वहीं, अंशुमान ने बताया कि थ्योरेटिकल प्रश्न आसान थे। वहीं, न्यूमेरिकल के सवालों में थोड़ी मुश्किल हुई।
संजीव ने कहा कि पेपर ज्यादा मुश्किल नहीं था। सारे सवालों के जवाब अच्छे से दिए। वहीं, अखिल और प्रणव ने बताया कि न्यूमेरिकल थोड़ा टफ था, समय की कमी के कारण पूरे सवालों के जवाब नहीं दे सके लेकिन पासिंग मार्क्स के लिए पर्याप्त सवालों के जवाब दिए हैं।