केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में स्नातक प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की तारीख 30 मार्च तक थी। इस बार 66949 विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया है। एकीकृत जीव विज्ञान में 40 सीटों के लिए 13186, एकीकृत भौतिक विज्ञान की 40 सीटों के लिए 10979, अर्थशास्त्र में एकीकृत कोर्स की 40 सीटों के लिए 3115, एकीकृत रसायनिक विज्ञान की 40 सीटों के लिए 10216, वनस्पति विज्ञान की 40 सीटों के लिए 10286, एकीकृत बीएबीएड कोर्स की 50 सीटों के लिए 9047, बीवॉक टूरिज्म मैनेजमेंट की 30 सीटों के लिए 3813, बीवॉक रिटेल मैनेजमेंट की 30 सीटों के लिए 2578, बीवॉक बैंकिंग एंड फाइनांशियल सर्विसेज की 30 सीटों के लिए 3729 विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया है।
विगत वर्षों की बजाए इस बार प्रवेश के लिए छात्रों में कड़ी स्पर्धा होगी। मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि एनटीए की ओर से लिखित प्रवेश परीक्षा आयोजित की जानी है, जो सीबीटी मोड से होगी। परीक्षा से पहले ही एनटीए की साइट पर प्रवेश पत्र अप्लोड किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सुझाव दिया जाता है कि नियमित साइट देखते रहें। एनटीए की ओर से कोई एसएमएस आता है तो उस पर भी गौर करें। विभिन्नि प्रकार की संबंधित जानकारियां ईमेल और एसएमएस के माध्यम से भी अभ्यर्थियों तक पहुंचाने का प्रावधान है, ताकि उन्हें परीक्षा के बारे कोई असुविधा न हो।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. सूरम सिंह ने कहा कि आवेदन की तारीख खत्म हो चुकी है। अब एनटीए की ओर से निर्धारित तारीख के अनुसार परीक्षा विभिन्न तारीखों पर आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि इस बार 66949 अभ्यर्थी स्नातक व एकीकृत डिग्री कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन कर चुके हैं। पिछले सालों की तुलना में आवेदकों ग्राफ चढ़ता नजर आया है। - प्रो. सूरम सिंह, परीक्षा नियंत्रक केंद्रीय विश्वविद्यालय।