जिले की सुरनकोट तहसील में मुगलरोड पर एक टाटा मोबाइल वाहन करीब ढाई सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों शवों को पुलिस और क्षेत्र निवासियों ने कड़े प्रयासों से खाई से बाहर निकाल कर सुरनकोट उपजिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक इस हादसे में मारे गए मोहम्मद तारिक, ताहिर अहमद दोनों निवासी बरहोट तहसील थन्नामंडी जिला राजोरी और मोहम्मद जुबेर निवासी गांव गंबीरमुगलां तहसील मंजाकोट जिला राजोरी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह तड़के सुरनकोट तहसील के बफलेयाज क्षेत्र से मुगलरोड के रास्ते एक टाटा मोबाइल नंबर जेके 11 -0985 जिसमें चालक सहित तीन लोग सवार थे।
दुधारू पशुओं को लेकर कश्मीर घाटी की तरफ जा रहे थे कि करीब 5.30 बजे सुबह पोशाना क्षेत्र में वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर होकर करीब ढाई सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इसके बारे में करीब आधे घंटे बाद वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की सहायता से करीब दो घंटों के कडे़ प्रयासों के बाद मृतकों के शवों को खाई से बाहर निकाल कर सुरनकोट उप जिला अस्पताल पहुंचाया जहां पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के हवाले कर दिया।