फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मूः सरपंच के घर में घुसकर फायरिंग, गोलियों की गूंज सुन बाहर निकल आए लोग, एक की मौत

Wed, 26 Feb 2020 05:44 PM IST
प्रशांत कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
विज्ञापन
मृतक के परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

जम्मू संभाग में घरोटा थाना क्षेत्र के दयारन बरन गांव में सोमवार आधी रात को चार-पांच लोग सरपंच दलवीर सिंह के घर में घुस गए और अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। घर के कमरों की बाहर से कुंडी बंद कर की गई गोलीबारी से सरपंच की मौसी के बेटे कश्मीर सिंह की मौत हो गई, जबकि सरपंच और उसकी बहन गीता देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

विज्ञापन


घायल गीता देवी के बयान पर पुलिस ने क्षेत्र के रहने वाले सौदागर सिंह समेत नौ लोगों को हिरासत में लिया है। तीन असलहे भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फायरिंग का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

घायलों के अनुसार सोमवार-मंगलवार मध्यरात्रि डेढ़ बजे चार-पांच लोगों ने दलवीर के घर का दरवाजा खटखटाया। उस समय इलाके में बिजली नहीं थी। दलवीर बाहर निकले तो लोग उन पर गोली चलाते हुए घर में घुसे और कमरे में सोए एक व्यक्ति पर गोली चला दी। गोली से उसकी मौत हो गई। मृतक कश्मीर सिंह दलवीर का मौसेरा भाई था। वह नौशेरा के लंबेड़ी का रहने वाला था। जम्मू में शादी समारोह में शामिल होने के बाद वह यहां ठहर गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

हमलावरों ने उसे गोली मार दी और बाइक छोड़कर फरार हो गए

तब तक फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग जागकर घरों से बाहर आ गए थे। इसी बीच हमलावरों को लगा कि दलवीर की मौत हो गई है और वे भागने लगे। उधर, गोलियों की आवाजें सुनकर पास में रहने वाली दलवीर की बहन गीता शोर मचाते हुए घर के सामने पहुंच गई।

इस पर हमलावरों ने उसे गोली मार दी और मौके पर एक बाइक छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों की आतंकी हमले की आशंका पर आसपास स्थित सेना भी मौके पर पहुंच गई और जवानों ने पोजीशन ले ली। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घायल गीता देवी ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र के रहने वालेे सौदागर सिंह और उसके भाइयों ने साथियों के साथ घर में घुसकर हमला किया है। गीता देवी के बयान पर पुलिस ने सौदागर सिंह समेत नौ लोगों को हिरासत में लिया है। एसपी सुरम सिंह का कहना है कि घायलों के बयानों पर हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
 

पंचायत चुनाव इसकी वजह है या फिर जमीन का विवाद है। कई सारी बातें सामने आ रही हैं। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।  
- अजय शर्मा, डीएसपी, अखनूर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें