लखनपुर से बसोहली की ओर जाने वाली सड़क पर खड़ी एक बंद आल्टो कार में बेहोश मिले युवक और युवती ने अस्पताल पहुंचाए जाने से पहले ही दम तोड़ दिया।
बाद में इनकी शिनाख्त होने पर पता चला कि युवती दीक्षा भारती उर्फ गुड़िया (19) वार्ड क्रमांक 3, नंगल रोड कटड़ा की रहने वाली थी। उसके साथ में जो युवक था उसकी पहचान अनिल कुमार मेहरा (40) निवासी डनसाल उधमपुर के रूप में हुई।
अनिल कुद में ढाबा भी चलाता था। प्रथम दृष्टया यह मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से प्रतीत हो रही है क्योंकि दोनों के मुंह से झाग निकला है। सूसाइड नोट भी मिला है।
तीन अक्टूबर को दर्ज कराई थी गुमशुदगी
एसएसपी कठुआ मोहन लाल और कटड़ा पुलिस के मुताबिक कार में मिले दोनों शख्स पिछले एक सप्ताह से घर से गायब थे। युवती के परिवार वालों ने तीन अक्टूबर को कटड़ा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बाद में छह अक्टूबर को उन्होंने अनिल के खिलाफ दीक्षा का अपहरण करने की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। हर संभावित स्थान पर तलाश करने के बावजूद पुलिस और घरवालों को दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार को देर शाम साढ़े आठ बजे लखनपुर बसोहली मार्ग पर स्थित सतवांई इलाके में पुलिस चौकी के पास एक आल्टो कार जेके02एडी-4298 संदिग्ध हालत में खड़ी दिखी। सतवांई पुलिस चौकी से गश्त करते पुलिस कर्मियों ने सड़क किनारे खड़ी कार पर संदेह जताया और करीब से छानबीन करने का प्रयास किया।
कार के शीशे तोड़कर बाहर निकाला
कार भीतर से बंद थी। कार के शीशे तोड़कर भीतर बेहोश पड़े दोनों लोगों को बाहर निकाला गया। एसएसपी के अनुसार कार भीतर से बंद थी। जब उन्हें बाहर निकाला गया तो उनकी सांसें चल रही थीं। जिला अस्पताल पहुंचने तक दोनों ने दम तोड़ दिया।
कार से कुछ कपड़े और एक सूसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सूत्रों के मुताबिक सूसाइड नोट में एक-दूसरे को पसंद करने, किसी को परेशान नहीं करने और किसी से कोई शिकायत नहीं होने की बात लिखी है।
पुलिस ने फिलहाल धारा 174 के तहत संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद तसवीर और साफ हो जाएगी।