कसबे के साथ लगते बस्सी खुर्द गांव में सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने खून से लथपथ शव देखा उनके होश उड़ गए। इसकी सूचना तुरंत बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार राजकुमार उर्फ नाटू (49) प्रोपर्टी डीलर का काम करता था। अन्य दिनों की तरह वह रविवार की रात भी नौ बजे के करीब घर पहुंचा। राजकुमार के परिवार वालों के अनुसार रात दस बजे के करीब किसी का फोन आया।
इसके बाद राजकुमार फोन पर बात करता हुआ घर से निकल गया। उसके बाद जब काफी देर तक घर वापस नहीं आया तो घर वालों ने रात के लगभग 12 बजे उसके मोबाइल पर फोन किया। राजकुमार ने घर वालों से कहा कि वह घर के पास ही है और जल्द घर पहुंच जाएगा।
हालांकि काफी समय गुजरने के बाद भी वह नहीं आया तो घर वालों ने एक बार फिर फोन पर संपर्क करना चाहा। इस बार उसका फोन बंद मिला। उसके बाद घर वालों के साथ राजकुमार की कोई बात नहीं हो सकी।
वही सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे खून से सना हुआ शव देखा, तो राजकुमार के परिवार को सूचना दी। जब परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो देखा कि झाड़ियों में राजकुमार का शव पड़ा है। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी।
वहीं खबर मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद जीएमसी पोस्टमार्टम के करवाने के लिए भेजा।
लेकिन बस्सी खुर्द कोठी मोड़ क्षेत्र सांबा जिले के अधीन आने से जीएमसी ने शव का पोस्टमार्टम नहीं किया और परिवार से कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ के अस्पताल ले लाएं। इसके बाद रामगढ़ में तीन बजे के करीब पोस्टमार्टम हुआ।