धर्मनगरी से सात किलोमीटर दूर पागथा क्षेत्र में शनिवार देर रात को एक घर में उधमपुर के रहने वाले दो युवक घुस आए, जिन्हें गांव के ही कुछ लोगों ने बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को स्थानीय अस्पताल भेजा, वहां से उन्हें जम्मू रेफर किया गया। इस दौरान एक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दूसरे युवक की हालत भी गंभीर बनी है।
प्रथम चरण की कार्रवाई में मामला प्रेम प्रसंग का होने की संभावना जताई गई है। क्योंकि घर की युवती की भी रिश्तेदारों द्वारा पिटाई किए जाने की जानकारी मिली है। घटना के वक्त घर का मालिक दंपति नहीं था।
घर की एक लड़की को भी रिश्तेदारों ने पीटा
शनिवार देर रात उधमपुर के रहने वाले दो युवक संदिग्ध अवस्था में पागथा क्षेत्र के निवासी उत्तम सिंह के घर में घुसने का प्रयास करते पाए गए। आसपास में रहने वाले उत्तम सिंह के रिश्तेदारों ने दोनों युवकों को दबोच लिया और उनकी मोटी लकड़ी से जमकर धुनाई कर दी, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।
किसी अन्य ने इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। बिना देर किए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों को गंभीर हालत में कटड़ा चिकित्सा केंद्र पहुंचाने की व्यवस्था की। प्राथमिक चिकित्सा के दौरान दोनों घायलों को नाजुक देखकर उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया गया।
इनमें से उधमपुर के मोआड़ा मोड़ निवासी राहुल कुमार की मौत रास्ते में ही हो गई, जबकि वहीं के रहने वाले अभिषेक कपूर का इलाज चल रहा है। यदि समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो दोनों युवकों की मौत मौके पर ही निश्चित थी। लड़की की हालत भी बिगड़ सकती थी।
अभिषेक वारदात वाले घर की एक लड़की की पहचान का था
इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें पवन सिंह, विक्रम सिंह और काका राम शामिल हैं। सभी पागथा के ही रहने वाले हैं। वहीं इस वारदात में कुछ अन्य के शामिल होने की संभावना भी जताई गई है।
प्रथम चरण की कार्रवाई में पाया गया कि घायल अभिषेक वारदात वाले घर की एक लड़की की पहचान का था। घटना के समय घर का मालिक उत्तम सिंह और उसकी पत्नी घर पर नहीं थे।
वारदात में इस्तेमाल की गई भारी लकड़ी और बिना नंबर की उस बाइक को भी जब्त किया गया है, जिस पर सवार होकर दोनों युवक पागथा पहुंचे थे।
सुजीत कुमार, एसएसपी