शहर के बख्शी नगर स्थित अखनूर रोड पर लोगों ने दो छात्राओं की अपने हक के लिए लड़ाई देखी। यह लड़ाई इसलिए भी अहम थी, क्योंकि मंगलवार को पूरा विश्व अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा था।
दो छात्राएं अपने हक के लिए मिनी बस के सह चालक से बीच सड़क भिड़ गईं और उसे तब तक पकड़े रखा, जब तक पुलिस नहीं पहुंच गई। बाद में उसे पुलिस के हवाले करके चली गईं।
हुआ यूं कि अखनूर की तरफ से आ रही एक मिनी बस में सवार दो छात्राओं ने पवन आइसक्रीम पार्लर के पास पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिया। छात्राओं का कहना था कि उनको बख्शी नगर जाना है।
मिनी बस चालक ने उन्हें कहा कि बस बख्शी नगर तक जाएगी। इसका उसने पूरा शुल्क लिया, लेकिन जब मिनी बस आइसक्रीम पार्लर के पास पहुंची तो वहीं से वापस मिनी बस को ले लिया।
जब छात्राओं ने पूछा कि उन्होंने बख्शी नगर तक जाना है, तो मिनी बस चालक बदतमीजी करने लगा और उन्हें जबरन उतारकर वहां से जाने लगा। तभी दोनों छात्राओं ने उसे पकड़ लिया।
सह चालक ने बहुत कोशिश की कि वह छूट कर वहां से भाग जाए, लेकिन छात्राओं ने उसे जाने नहीं दिया। इतने में किसी ने पुलिस को भी सूचित कर दिया। इसके बाद पुलिस की फ्लाइंग पहुंची और सह चालक को पकड़ लिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने छात्राओं के हक के लिए दिखाई बहादुरी की जमकर प्रशंसा की। बख्शी नगर के एसएचओ अश्विन कुमार का कहना है कि पुलिस ने सह चालक को पकड़ कर लाया था और उसे नियम तोड़ने पर जुर्माना कर चेतावनी देकर छोड़ दिया।