बुधवार देर रात आग लगने के कारण हलवाई की दुकान जल कर स्वाह हो गई। हालांकि देर रात को फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान पूरी तरह जल गया था। दुकान में रखे गैस सिलेंडरों के फटने से दुकान की एक दीवार भी गिर गई।
मिली जानकारी के अनुसार कानाचक थाना के अंतर्गत मिश्रीवाला में जम्मू-अखनूर मार्ग से सटी कुलदीप कुमार की हलवाई/ चाय की दुकान में देर रात को आग लग गई। दुकान का शटर बंद होने के कारण आग का किसी को कोई पता नहीं चला।
लोग नींद से तब जागे जब दुकान में रखा गैस सिलेंडर फटा। धमाका होते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी जब तक पहुंचती, दुकान में रखा ज्यादातर सामान जल चुका था।
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग की लपटों पर काबू पाया। दुकान में रखा फ्रिज और अन्य सामान जल गया, जबकि दुकान की एक दीवार धमाके से टूट गई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।