खुद को डीएसपी बताकर जम्मू यूनिवर्सिटी में दर्जनों फार्म अटेस्ट कराते एक व्यक्ति को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस जांच कर रही है कि वह डीएसपी बनकर क्यों ऐसा कर रहा था और क्या उसने पहले भी ऐसा कभी किया और क्या-क्या किया।
आरोपी को वेयर हाउस पुलिस चौकी में रखा गया है। जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति बुधवार को यूनिवर्सिटी पहुंचा। वह दो दर्जन से अधिक फार्म लेकर आया हुआ था।
उन्हें सत्यापित करवा रहा था। टेस्ट करने वाले ने उससे पूछा कि वह इतने फार्म कहां से लेकर आया है। तब उक्त व्यक्ति ने खुद को डीएसपी बताया।
इस पर फार्म अटेस्ट कर रहे कर्मी को शक हुआ और उसने आई कार्ड दिखाने को कहा, लेकिन कार्ड फर्जी निकला। कर्मी ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उसे पकड़ कर पुलिस चौकी लाया गया। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वह समाजसेवक है। वह छात्रों के फार्म अटेस्ट करवाने के लिए गया हुआ था। उसने अपने आप को डीएसपी इसलिए बताया, ताकि उसका काम जल्दी हो सके।