बक्शी नगर पुलिस ने महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो इंजीनियरिंग के छात्र भी शामिल हैं। मुख्य आरोपी स्वास्थ्य विभाग के दंपति कर्मचारी का पुत्र है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह नशे के आदी हैं।
नशीले पदार्थ खरीदने के लिए वह यह सब काम करते हैं। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। झपटमारी में इस्तेमाल की जाने वाली पल्सर बाइक भी बरामद की गई है। मंगलवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ा था। उससे पूछताछ करने के बाद अन्य दो को देर रात को दबोच लिया गया।
एसपी शिव कुमार चौहान ने बताया कि मंगलवार की शाम को विकास नगर निवासी अनुराधा मार्केट आई थी। तभी एक युवक आया और उनके गले से सोने की चेन झपट ली और वहां से भागने लगा। महिला ने शोर मचाया तो लोगों ने कुछ ही दूरी पर जाकर उसे दबोच लिया।
युवक की पहचान मुनीष गुप्ता निवासी रिहाड़ी के रूप में हुई है। मुनीष ने पूछताछ में बताया गया कि उसके दो और साथी हैं। इसके बाद टीम का गठन कर आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की गई। इसमें सरवाल के रहने वाले अनुभव और रिहाड़ी के रहने वाले गौरव को पकड़ा गया।
इनके पास से दो सोने की चेन भी बरामद की गईं। इन तीनों ने जिन सुनारों को सोने की चेन बेची, उनको भी पुलिस ने पकड़ा है। अनुभव और गौरव इंजीनियरिंग के छात्र हैं। पिछले एक साल से यह लोग झपटपारी के मामलों में सक्रिय थे। सुभाष नगर, विकास नगर, गुड़ा बक्शी नगर आदि में ये वारदात को अंजाम देते थे। इससे लोगों में काफी दहशत थी।