बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस ने आखिरकार एक महीने के बाद मेजर अनीता की मौत मामले में आरोपी मेजर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सबसे बड़ी बात यह है कि आरोपी मेजर पर बलात्कार का केस भी दर्ज हुआ है।
साथ ही मेजर को खुदकुशी और धोखा देने की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने आरोपी मेजर अनूप के खिलाफ एफआईआर नंबर 13 में आरपीसी की धारा 306, 376, 120बी के तहत केस दर्ज कर लिया और अब आगे की कार्रवाई इसके आधार पर होगी।
सैन्य डिपो में तैनात हिमाचल प्रदेश के चंबा की रहने वाली मेजर अनीता ने बाड़ी ब्राह्मणा इलाके में स्थित अपने क्वार्टर में 29 दिसंबर को खुद को पिस्तौल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस ने शुरुआती जांच में केस 174 के तहत दर्ज किया। इसके बाद पुलिस पर महिला मेजर के परिवार की तरफ से जांच करने का दबाव बनाया गया।
जब बाद में जांच की गई तो इसमें सेना के एक अन्य मेजर का नाम सामने आया। यह नाम अनीता के खुदकुशी पत्र में लिखा गया था। अनीता ने लिखा था कि राजोरी में तैनात मेजर अनूप उसकी मौत का जिम्मेदार है। अनूप ने उसकी जिंदगी तबाह कर दी है। उसको शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अब उससे शादी नहीं कर रहा। पत्र में लिख गया था कि वह उसे वर्ष 2012 से इस्तेमाल कर रहा है। उसने ही उसका तलाक करवाया, लेकिन अब शादी नहीं कर रहा है।
पूरा सूसाइड नोट मेजर अनूप पर ही आधारित था। पता चला कि महिला मेजर की मौत से पहले तीन दिनों तक अनूप उसके ही पास था। वह एक माह की छुट्टी लेकर आया था, लेकिन घर जाने से पहले तीन दिनों तक उसके साथ रहा।
ऐसी कई बातों का पुलिस को पता चला था, जिसके बाद पुलिस ने सेना को भी पत्र लिखा था, जिसमें मेजर अनूप को पेश करने के लिए कहा गया था, लेकिन सेना की तरफ से अनूप को पेश नहीं किया गया। अब पुलिस ने इस मामले की जांच की और अनूप के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मेजर के खिलाफ सेना की तरफ से भी जांच की जा रही है।