रोडरेज की दिल दहला देने वाली घटना में एक युवक को जान से हाथ धोना पड़ा। दो मोटर साइकिलों की भिड़ंत के बाद एक बाइक पर सवार चार युवकों ने दूसरी बाइक चला रहे युवक को बेरहमी से पीट-पीट कर मार डाला।
घटना शहर के जानीपुर क्षेत्र के पटोली मोड़ की है। यहां दो बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई। इसके बाद चारों युवक दोनों भाईयों पर टूट पड़े और बेतहाशा पीटना शुरू कर दिया। हमलावर तब तक लात-घूंसे चलाते रहे, जब तक दूसरी बाइक चला रहा युवक बेदम होकर गिर नहीं पड़ा।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक राकेश कुमार (पेंटर) पटोली मोड़ का रहने वाला था। वह अपने भाई अशोक के साथ घर को आ रहा था। दोनों अपने घर के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आई एक मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। दूसरी मोटरसाइकिल पर चार युवक सवार थे।
टक्कर होने के बाद बाइक पर सवार चार युवकों ने राकेश को पीटना शुरू कर दिया। यहां राकेश के भाई अशोक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन चार युवकों के आगे उसकी एक नहीं चली। चारों ने राकेश को लातों, घूंसों से मारना शुरू कर दिया।
इस दौरान राकेश को कुछ अंदरूनी चोटें आने पर उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह देखकर युवक वहां से फरार हो गए। राकेश को उसके भाई अशोक ने स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अशोक को भी काफी चोटें आई हैं। अस्पताल पहुंची पुलिस ने राकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा हुआ है। वीरवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
जानीपुर पुलिस स्टेशन के एसएचओ अजित सिंह का कहना है कि दोनों मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई हैं। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। चारों फरार हैं।