रामबन। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज में दूसरे दिन भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई ने विरोध प्रदर्शन किया। इसमें पीड़ित छात्राओं का आरोप है कि कालेज प्रोफेसर ने अश्लील मैसेज भेजे हैं। इससे काफी परेशान हैं और वह मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार किया जाए और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने इस मामले में कालेज के प्रोफेसर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले को देखते हुए विधायक रामबन नीलम लंगेह ने गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज रामबन में पहुंच कर विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों को आश्वासन दिया एवं मामले में हस्तक्षेप कर एफआईआर दर्ज करने पर जोर दिया। इसी बीच डीएसपी हेडक्वार्टर रामबन असगर अली मलिक थाना प्रभारी विजय कोतवाल कालेज में पहुंचे जहां पर गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. रवींद्र कुमार टीकू द्वारा दी गई लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज किया, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन कर छात्रों को एफआईआर की कॉपी दिखाई एवं कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया ।
आखिर में छात्रों ने उच्च शिक्षा विभाग से अनुरोध करते हुए कहा कि इस प्रोफेसर का जल्द से जल्द तबादला किया जाए ।