जम्मू। चोरों ने बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र में महिला रजनी बाला का पर्स उनकी दुकान से उड़ा लिया। पर्स में करीब बीस हजार रुपये थे।
रजनी बाला के अनुसार बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र में सेना के गेट के सामने ही उनकी कास्मेटिक दुकान और बुटिक है। दोपहर ढाई बजे के करीब बाइक सवार दो युवक दुकान पर आए। इस दौरान कहा कि मेकअप किट बनानी है। मेकअप किट तैयार की गई और इसी बीच एक युवक ने कहा कि उसके पास दो हजार का नोट है। रजनी बाला ने दो हजार का नोट लेकर गल्ले में रखे पर्स को निकाला और उसमें से पांच-पांच सौ रुपये के चार नोट दिए। इसके बाद युवक नोट लेकर दुकान से बाहर चला गया। इस बीच दूसरे युवक ने दुकान के एक कोने में रखे मेकअप के सामान के बारे में पूछा। इसके बाद रजनी सामान लेने गईं। आकर देखा तो दूसरा युवक वहां नहीं था। जब वह गल्ले के नजदीक पहुंचीं, तो देखा कि पर्स भी नहीं है। पर्स में करीब बीस हजार रुपये थे। इसके अलावा चार एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, एक आधार कार्ड था। दोनों युवक डोगरी बोल रहे थे और स्थानीय लग रहे थे। पता चलने पर आसपास के लोग जमा हो गए। सामने के एक घर में सीसीटीवी लगा है। उनसे गुजारिश की गई तो पाया कि युवकों ने कुछ मिनटों में ही दुकान के आसपास तीन चक्कर काटे हैं। इसके बाद पुलिस को भी सूचित किया। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज को देखा जा रहा है।