नौशेरा। सरकारी हाई स्कूल हंजाना के हेडमास्टर पर एक बच्चे की पिटाई करने का मामला सामने आया है। नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र के अभिभावकों ने थाने में मामला दर्ज करवाकर हेडमास्टर पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को उक्त छात्र स्कूल गया था। वहां किसी बात पर स्कूल के हेडमास्टर ने उसकी जम कर पिटाई कर दी। बच्चे के घर पहुंचने पर उसकी नाक से खून निकलता देख परिवार वालों ने जब पूछा तो बच्चे ने रोते हुए पूरी घटना बताई। इसके बाद बच्चे की मां ने नौशेरा पुलिस थाने में इसकी शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की। इस संबंध में थाना प्रभारी नौशेरा इंस्पेक्टर अमीन मलिक ने बताया कि छात्र की मां की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। छात्र का मेडिकल भी करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो