विजयपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग ठंडी खुई में तेज रफ्तार बस ने शनिवार को मिनी बस में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में नौ यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इमरजेंसी अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार शनिवार को विजयपुर से बाड़ी ब्राह्मणा की तरफ जा रही मिनी बस जेके 02 आर-1460 ठंडी खुई में सवारियां उतारने के लिए रुकी थी। उसी दौरान विजयपुर से जम्मू की ओर जा रही तेज रफ्तार सुपर फास्ट बस जेके 21बी-7799 ने मिनी बस में पीछे से टक्कर मार दी। बस की टक्कर से मिनी बस नाले में लुढ़क गई और मिनी बस के नौ यात्री जख्मी हो गए। थाना प्रभारी राकेश बंबा ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घायल में शशी बाला (32) पत्नी संजीव कुमार निवासी हीरानगर वार्ड नंबर दस, रामा नंद (31) पुत्र बोध राज निवासी कमाला, अंकुश कुमार (23) पुत्र हरबंस लाल निवासी बागला चक रामगढ़ को प्राथमिक उपचार देने के बाद जीएमसी रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायल यात्री नैंसी (27) पुत्री सुरिंद्र कुमार निवासी सांबा, वार्ड नंबर बारह, रमा (29) पत्नी गणेश लाल निवासी छत्तीसगढ़ वर्तमान विजयपुर तथा उसका तीन वर्षीय बेटा साहिल, पायल गुप्ता (37) पत्नी रवि वैद निवासी थलोडी वार्ड नंबर एक विजयपुर, करन चौधरी (18) पुत्र मोहन लाल निवासी रामगढ़ तथा सतीश कुमार (18) पुत्र बोधराज निवासी खोखरेचक रामगढ़ को इमरजेंसी अस्पताल विजयपुर में उपचार देकर छुट्टी दे दी गई।