जम्मू। रूरल डेवलपमेंट मल्टीपर्पज कोआपरेटिव बनाकर लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले एक फ्राड को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ क्राइम ब्रांच के पास दर्जनों शिकायतें आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। आरोपी सुरजीत सिंह मढ़ के गजनसू का रहने वाला है। एफआईआर नंबर 13/2019, धारा 406, 420 और 120 बी के तहत केस दर्ज किया गया है।
आरोपी ने रियासत के कई जिलों में रहने वाले लोगों को कोआपरेटिव के नाम पर ठगा है। रियासत में अपनी कई ब्रांच खोल रखी थीं। लोगों से कैश, फिक्स डिपॉजिट, रेकरिंग डिपॉजिट, सेविंग अकाउंट के माध्यम से लोगों से 3 करोड़ 35 लाख से अधिक रुपये ठगे हैं। आरोपी ने खुद को कोआपरेटिव का चेयरमैन बताया था। इसके लिए जम्मू के तालाब तिल्लो में हेड आफिस भी खोला। आरोपी ने सबसे अधिक जम्मू खित्ते में अपनी ब्रांच खोल रखी हैं। शुरुआती जांच में पाया गया है कि आरोपी के खिलाफ कई शिकायतें पहुंची हुई हैं। शिकायतों में कहा गया है कि उनके पैसे को जमा किया गया और वापस नहीं लौटाया जा रहा। बुधवार को क्राइम ब्रांच के डीएसपी मोहम्मद इरफान खान की अध्यक्षता वाली टीम ने आरोपी को तालाब तिल्लो से पकड़ लिया है। आरोपी के क्राइम ब्रांच की ओर से खातों को भी खंगाला जा रहा है। संभव है कि अभी कुछ और लोग भी अपनी शिकायत लेकर आएं। क्राइम ब्रांच की ओर से सभी ब्रांच को सील कर लिया गया है।