बसोहली। बसोहली के एक होटल में मंगलवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया है। युवक की पहचान अजीत सिंह निवासी झेंखर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक अजीत सिंह निवासी झेंखर ने बसोहली के एक निजी होटल में कमरा लिया था। काफी समय बीत जाने के बाद जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो संदेह की स्थिति उत्पन्न होने पर होटल प्रबंधक ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने होटल का कमरा खुलवाया। कमरे में अजीत सिंह का शव पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उपजिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है। ब्यूरो