बसोहली। हाल ही में हुई बारिश के दौरान तहसील के दूरदराज गांव नंगाली में एक गरीब परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। बारिश के दौरान कच्चे मकान की छत गिरने से शेड में रहने वाले मवेशी काल का ग्रास बन गए। मवेशियों के मालिक हेम राज ने बताया कि बारिश के दौरान मवेशियों के लिए बनाए गए कच्चे शेड की छत अचानक गिर गई। इसके परिणामस्वरूप कच्चे शेड में मौजूद 11 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। तहसीलदार जय सिंह ने बताया कि घोडल नगाली के पटवारी ताहिर भट्ट और उनकी टीम को उक्त स्थान पर मौका देखने भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद नुकसान का आकलन कर उसके मुआवजे के दस्तावेज बनाकर एडीसी को भेज दिए जाएंगे।