रियासी। सोमवार देर रात को कुल्फी खाने से 21 बच्चे बीमार हो गए। सभी को जिला अस्पताल लाया गया। उपचार के बाद सभी की हालात खतरे से बाहर बताई जाती है।
सोमवार देर शाम को गीतानगर में कुल्फी बेचने वाला आया। इस दौरान गीतानगर के साथ ही तरैंथा ग्रामोड़ माड़ी के कई बच्चों ने कुल्फी खरीद कर खाई। देर शाम को सभी बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को लेकर परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंचे। इससे अस्पताल में अफरातफरी की हालत बन गई। डाक्टरों ने सभी का उपचार शुरू किया। सूचना मिलने पर नायाब तहसीलदार हुक्म चंद भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि बीमार हुए कुल 21 बच्चों में से तीन बच्चे बालिग हैं। पंद्रह बच्चों का उपचार जिला अस्पताल में जबकि छह का उपचार मुख्य बाजार में स्थित पुराने अस्पताल में किया गया। यहां पर मौजूदा समय में दौरान यूनानी डॉक्टर बैठते हैं। बीमार कुछ बच्चों को मंगलवार दोपहर को छुट्टी दे दी गई। देर शाम इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था।