पुंछ। दो दिन से लापता मेंढर तहसील के गांव छतराल निवासी युवक आजाद परवेज (28) का शव गांव से बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाने की बात कही। लेकिन छतराल प्राथमिक चिकित्सा केंद्र से एंबुलेंस नहीं मिल सका। इसके चलते मृतक के परिवार वालों के साथ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया। नारेबाजी की।
दूसरी तरफ आजाद परवेज पुत्र मोहमद इकबाल का संदिग्ध परिस्थिति में शव मिलने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल मेंढर ले जाने की बात की। इस पर मृतक के परिवार के सदस्यों ने जब गांव के पीएचसी में एंबुलेंस के लिए संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि काफी समय से वहां एंबुलेंस ही नहीं है। आखिरी शव को टैक्सी से ले जाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। बाद में किराए की गाड़ी से मेंढर शव लेकर जाना पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद उस शव को दोबारा किराए की गाड़ी में घर ले जाना पड़ा। इसके चलते ग्रामीणों का गुस्सा स्वास्थ्य विभाग, स्वास्थ्य मंत्री और सरकार के खिलाफ फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने से सवाल उठाया कि जो एंबुलेंस छतराल पीएससी की थी, वह कहां गई। विभाग को इसकी जानकारी देनी होगी।