जम्मू। शहर के रिहाड़ी इलाके में लोग शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के खिलाफ भड़क गए। जब लोग उग्र होने लगे तो ट्रैफिक कर्मियों ने वहां से खिसक लिए। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने एक युवती से मारपीट की। जब वहां काम करने वाले कुछ लोगों ने हस्तक्षेप किया तो उनके साथ भी ट्रैफिक कर्मियों ने मारपीट की।
बताया जाता है कि स्कूटी सवार युवती को ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने दस्तावेज चेक कराने के लिए रोका। युवती के पास दस्तावेज नहीं थे और वह वहां से भाग गई। कुछ दूर जाकर कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ हाथापाई की। वहां मौजूद कुछ लोगों ने हस्तक्षेप करना चाहा तो कर्मियों ने उनके साथ भी हाथापाई की। इस पर मौके पर भीड़ लगने लगी। इससे पहले की लोगों की भीड़ बढ़ती, ट्रैफिक पुलिस कर्मी वहां से निकल लिए। कुछ लोगों ने ट्रैफिक कर्मियों के इस रवैये पर प्रदर्शन भी किया। इस संबंध में एसएसपी जम्मू ट्रैफिक पुलिस जोगिंदर सिंह ने कहा कि ऐसी कोई घटना उनके संज्ञान में नहीं है। रही बात मारपीट की तो ट्रैफिक पुलिस कर्मी किसी लड़की पर हाथ नहीं उठा सकते।