विजयपुर। सरकारी एक्सीडेंट हॉस्पिटल में तैनात महिला डॉक्टर की महिला मरीज से अभद्रता किए जाने का मामला बीएमओ तक पहुंच गया है। जानकारी अनुसार पूजा देवी निवासी विजयपुर इलाज कराने के लिए विजयपुर सरकारी एक्सीडेंट हॉस्पिटल पहुंचीं। उन्होंने पहले पर्ची बनवाई, उसके बाद महिला डॉक्टर को दिखाया। आरोप है कि उसी दौरान वहां तैनात महिला डॉक्टर उनके साथ अभद्रता से पेश आईं। उसके बाद पूजा अपने घर पहुंचीं और परिवार को पूरी बात बताई कि मेरे साथ महिला डॉक्टर ने चेकअप के दौरान बड़ी बदतमीजी की। परिजनों ने बीएमओ को फोन किया और उन्होंने कहा कि हमें लिखित में शिकायत दी जाए। पूजा देवी के परिवार के सदस्य विजय कुमार ने लिखित में बीएमओ को शिकायत दी। बीएमओ लखविंदर सिंह ने बताया कि मेरे पास शिकायत पहुंच गई है। इस मामले की पूरी जांच की जाएगी। अगर महिला डॉक्टर ने मरीज के साथ बदतमीजी की है तो उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।