संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। पुलिस ने महिला सहित तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 237750 रुपये की नकदी और 75000 रुपये के मूल्य की हेरोइन बरामद की है। आरोपियों की पहचान नूरी निवासी बलोल बाडी ब्राह्मणा, संजय कुमार उर्फ संजू निवासी करुआ कोटली मनोत्रियां तहसील कटड़ा (रियासी) और अमित कुमार घोष निवासी दासनू कटड़ा (रियासी) के रूप में हुई है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामले बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस थाने में दर्ज किए गए हैं। तस्करों को बाडी ब्राह्मणा के बालोल नाला क्षेत्र से 20 जून को देर रात विशेष गश्ती दल ने गिरफ्तार किया है। नूरी काफी समय से नशा तस्करी में संलिप्त है। उस पर उधमपुर, रियासी, रामबन, डोडा, किश्तवाड़, राजौरी, पुंछ, जम्मू, कठुआ के नशा तस्करों को हेरोइन की आपूर्ति करने का आरोप है। तीनों तस्करों को एएसपी सुरिन्द्र चौधरी, एसडीपीओ बाड़ी ब्राह्मणा राहुल नागर की निगरानी में थाना प्रभारी बाड़ी ब्राह्मणा सुनील शर्मा की टीम ने गिरफ्तार किया। एसएसपी बेनाम तोश ने बताया कि पुलिस ने पांच माह में आठ महिलाओं सहित 54 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।