बिश्नाह। गांव टिंडे खुर्द में सोमवार को दिनदहाड़े सूने घर से नकदी और गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। परिवार की सदस्य गारो देवी ने पुलिस को बताया कि जिस समय चोरी हुई वह और अपनी बहन के साथ बाजार में दर्जी के पास गईं थी और बेटी स्कूल गई थी। जब वे लोग घर पहुंचे तो मेन दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा था। अलमारी के लॉकर भी टूटे हुए थे, जिसमें रखे 70 हजार रुपये और जेवरात चोरी हो चुके थे। महिला ने बताया कि उसके पति का निधन हो चुका है, वह एक फैक्ट्री में काम करती है। बिश्नाह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि बिश्नाह में बढ़ती चोरी की वारदातों से इलाके में डर का माहौल बना हुआ है। इस साल ही बिश्नाह इलाके मेें 50 से अधिक चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अभी तक चोरों का सुराग नहीं लगा पाई है। लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।