आरएस पुरा। एक नाबालिग लड़की से पांच नाबालिग लड़कों द्वारा दुष्कर्म करने पर पुलिस ने उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। यह मामला सोशल मीडिया पर फुटेज देखने पर प्रकाश में आया। पीड़ित के पिता की तरफ से थाने में दर्ज कराई शिकायत पर पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई। पांचों नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने पीड़ित नाबालिग का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस पांचों से पूछताछ कर रही है। जिस स्थान पर लड़कों ने दुष्कर्म किया वहां से भी पुलिस सबूत जुटाने में लगी है । सूत्रों के अनुसार नाबालिग लड़की को बॉर्डर क्षेत्र में बुलाकर किसी बंकर में दुष्कर्म किया गया है। उस दौरान किसी लड़के ने वीडियो बना ली। यह सभी एक साथ ट्यूशन पढ़ने जाते थे। वहीं पर ही नाबालिग लड़की से दोस्ती हो गई। इस संबंध में एसडीपीओ सुरेंद्र सिंह का कहना है कि पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।