डीडीसी धर्मेंद्र कुमार हमले में घायल अपने जख्म को दिखाते हुए
- फोटो : RSPURA
बिश्नाह। डीडीसी सदस्य धर्मेंद्र कुमार पर कुछ बदमाशों ने सोमवार को उस समय हमला कर दिया जब वह अपने घर चक बाना से मंदिर जा रहे थे। यह बदमाश किसी युवक को अपनी गाड़ी में डालकर मारते हुए ले जा रहे थे। डीडीसी सदस्य ने युवक को बचाने का प्रयास किया। युवक से मारपीट और ले जाने का विरोध करने पर इन बदमाशों ने डीडीसी सदस्य पर तेजधार हथियार से हमला बोल दिया।
पहला वार डीडीसी सदस्य के बाजू पर हुआ, फिर उन्होंने दूसरा वार कर दिया। इस हमले से डीडीसी सदस्य का मोबाइल भी टूट गया। इस मारपीट को जब खेतों में काम कर रहे कुछ लोगों ने देखा तो तुरंत डीडीसी सदस्य को बचाने के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने युवक को बदमाशों के चुंगल से छुड़ा लिया। इतनी देर में बिश्नाह पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। उधर घायल डीडीसी सदस्य को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि पुलिस ने इस हमले में शामिल छह बदमाशों को पकड़ लिया। इस वारदात की जैसे ही भनक बिश्नाह के लोगों को पता चली तो वे पुलिस स्टेशन में इकट्ठा हो गए और बदमाशों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
लोगों का कहना था कि क्षेत्र में जितना भी नशीले पदार्थ का धंधा चल रहा रहा है वह ऐसे लोग कर रहे हैं। कुछ समय पहले ऐसे लोगों ने बिश्नाह थाने के पूर्व थाना प्रभारी ताहिर खान पर भी तेजधार हथियार से हमला बोला था। उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
डीडीसी सदस्य का हाल जानने अस्पताल पहुंचे पूर्व मंत्री
बिश्नाह। बदमाशों के हमले में घायल हुए भाजपा नेता और डीडीसी सदस्य धर्मेंद्र कुमार का हाल जानने के लिए पूर्व मंत्री शाम लाल उपजिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इस संबंध में अस्पताल के डॉक्टरों से भी बातचीत की। डीडीसी सदस्य के हाथ में गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। इस मौके पर पूर्व मंत्री धर्मेंद्र मनयाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नारायण दत्त शर्मा, अनिल गुप्ता, आरएस पुरा म्यूनिसिपल कमेटी अध्यक्ष सतपाल पप्पी, काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद