बिश्नाह। सरोर गांव में मंगलवार रात करियाना दुकान में चोरी के लिए घुसे चोर को लोगों ने पकड़ लिया। चोर को बिश्नाह पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
दुकान मालिक अभि शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 1:30 बजे दुकान में कुछ आहट सुनाई दी। उन्होंने दुकान में जाकर देखा तो दो चोर दुकान का ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दे रहे थे। एक चोर दुकान के बाहर तेजधार हथियार लेकर खड़ा था। दूसरा दुकान के अंदर चोरी कर रहा था। उन्होंने दुकान के बाहर खड़े चोर को पकड़ने की कोशिश की तो वह तेजधार हथियार का दिखाकर भाग गया। दूसरे चोर को उन्होंने लोगों के सहयोग से पकड़ लिया। अभि शर्मा ने बताया कि चोर के पास एक डिब्बा भी था, जिसमें बहुत सारा सामान था। गांववासियों ने बताया कि अंदेशा है कि चोर पहले भी कहीं चोरी को अंजाम देकर आया था। चोर की तलाशी ली तो जेब से नशा करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सिरिंज मिली। इसके बाद उन्होंने बिश्नाह पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी है।