आरएस पुरा। गांव रंगपुर मौलाना में वीरवार रात 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलने से माैत हो गई। मृतक की पहचान पद्मदेव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे पड़ोसियों ने युवक के घर से अचानक आग की लपटें उठती देखीं। पद्मदेव कमरे में अकेला था। दरवाजा अंदर से बंद था। आग की लपटें देखते ही परिजन व ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो युवक आग से बुरी तरह झुलस चुका था। आरएस पुरा पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर तत्काल एफएसएल की टीम को बुलाया। टीम ने कमरे की गहन जांच की और सबूत एकत्र किए। पुलिस ने शव को उपजिला अस्पताल आरएस पुरा में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक शादीशुदा था और उसकी 10 वर्षीय बेटी भी है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कारणों से उसका पत्नी से कुछ समय से मतभेद चल रहा था। पत्नी मायके में रह रही है। संवाद