सांबा। बीते दिनों बाड़ी ब्राह्मणा के बलोल खड्ड में पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला कर एसएचओ और सब इंस्पेक्टर को गंभीर रूप के घायल करने के मामले में पुलिस ने एक चिट्टा तस्कर को पंजाब के मुकेरियां इलाके से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद बारू निवासी लसवाड़ा बिश्नाह मौजूदा निवासी बलोल खड्ड के रूप में की गई है। यह कुख्यात आरोपी चिट्टा तस्करी में वांछित थाए जो गिरफ़्तारी से बच रहा था। बलोल खड्ड में पुलिस पार्टी पर हमले के बाद सांबा पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान चलाकर नशा तस्करों और कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उन्हीं से पूछताछ के आधार पर मोहम्मद बारू का नाम सामने आया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गत देर रात पंजाब में छापेमारी की और उसे धर दबोचा। पुलिस से बचने के दौरान ऊंची जगह से छलांग लगाने पर आरोपी की टांगों को चोटें भी आई हैं। इस कुख्यात आरोपी की पत्नी दहुआ को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया हैए जो चिट्टा तस्करी के मामलों में वांछित थी। फिलहाल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार बारू से पूछताछ के बाद कई और नाम सामने आ सकते हैं।