अरनिया। आरएस पुरा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में मुख्य आरोपी समेत 3 को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन कुमार से पूछताछ के दौरान अरनिया, सलैहड़ और बग्गाजना गांव से चोरी के मोटरसाइकिल के स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं। इस संदर्भ में पुलिस ने अरनिया से मोटरसाइकिल मैकेनिक सुनील कुमार और सलैहड़ से कबाड़ी पवन कुमार से चोरी के मोटरसाइकिल के स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं। जिसमें मोटरसाइकिल की टंकी, इंजन, शाकर, टायर, चैन सेट और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस तीनों को गिरफ्तार कर आगे पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार पवन कुमार निवासी बग्गाजना सरकारी कार्यालय तहसील, ब्लॉक, बैंक और अन्य दफ्तरों के बाहर से दोपहिया वाहन की चोरी को अंजाम देता था। जिसे अपने घर में स्टॉक कर लेता था। दोपहिया वाहन के पार्ट्स को अलग कर 2 -3000 रुपए में कबाड़ी और मैकेनिक को बेच देता था। पुलिस की जांच के दौरान अभी तक 9 मोटरसाइकिल के स्पेयर पार्ट बरामद हो चुके हैं। पुलिस ने पवन कुमार से पूछताछ के दौरान अरनिया में मैकेनिक और सलैहड़ से कबाड़ी की दुकान से भी मोटरसाइकिल के स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं। पुलिस ने स्पेयर पार्ट्स बरामद कर जब्त कर लिए हैं। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में और वाहन बरामद किए जा सकते हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्यवाही करने में जुट चुकी है।