-एक तस्कर भाग गया, पुलिस ने मामले दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिला पुलिस ने दो अलग-अलग गोवंश तस्करी के प्रयासों को विफल कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक तस्तर भागने में सफल रहा। 14 गोवंश को बचाया गया है। गोवंश के अवैध परिवहन में इस्तेमाल दो वाहनों को भी जब्त किया गया है।
जिला पुलिस के अनुसार प्रभारी पुलिस चौकी सपवाल के नेतृत्व में पुलिस ने नाके पर जम्मू की ओर से आ रहे टाटा मोबाइल गाड़ी नंबर जेके02एएक्स-6629 को जांच के लिए रोका। जांच में वाहन में चार गोवंश लदे पाए गए। इन्हें क्रूर तरीके से बांधा था। बिना किसी वैध अनुमति के ले जाया जा रहा था। तस्करों की पहचान मुश्ताक चौधरी निवासी लोअर रंगोरा, सिदरा जिला जम्मू और अब्दुल वाहिद चौहान निवासी मंजमोह, अनंतनाग के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना सांबा में आईपीसी की धारा 188, 11 पीसीए एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
रोकने पर चालक ने भगा ली गाड़ी
दूसरे मामले में प्रभारी पुलिस चौकी मानसर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मानसर में वाहन चेकिंग के लिए नाका लगाया था। इस दौरान डंपर नंबर जेके19ए-1290 को जांच के लिए रोका। लेकिन चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी भगा ली। पुलिस ने पीछा कर नाका नड के पास पकड़ लिया, लेकिन चालक भागने में सफल रहा। वाहन से 10 गोवंश क्रूर तरीके से बंधे थे। इन्हें बिना वैध अनुमति के ले जाया जा रहा था। वाहन को जब्त कर लिया गया है। थाना सांबा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।