पुंछ। मेंढर में रविवार दोपहर को पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता गली क्षेत्र में एक ईको कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। इससे उसमें सवार एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। उन्हें क्षेत्र में मौजूद सेना की आरओपी के जवानों और आसपास के लोगों ने वाहन से निकालकर सड़क पर पहुंचाया। वहां सेना ने प्राथमिक उपचार दिया और सभी घायलों को उपजिला अस्पताल सुरनकोट पहुंचाया। घायलों की पहचान मोहम्मद बशीर (45) पुत्र कमरदीन, उसकी पत्नी नाजमां अख्तर (42), पुत्र शोएब बशीर (18) और पुत्री सोमय बशीर (16) निवासी गांव सांगला सुरनकोट के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे राजोरी से सुरनकोट की तरफ आ रही ईको कार (जेके12ए-1335) पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता गली में चालक के नियंत्रण से बाहर होकर खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही की कार खाई में गिरते ही एक पेड़ से अटक गई। जिससे कार में सवार एक ही परिवार के सभी लोगों की जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अगर दुर्घटनाग्रस्त वाहन पेड़ से न अटकता तो वह काफी नीचे जा गिरता। इससे कार सवारों के बचने की कोई संभावना ही नहीं थी। फिलहाल उनका उपचार जारी है और हालत खतरे से बाहर है।