जम्मू। शहर के पक्का डंगा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत कर्ण नगर इलाके में सब्जी मंडी नरवाल के एक थोक व्यापारी से लाखों रुपये की लूटपाट मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस जगह-जगह दबिश तो दे रही है लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है। उनकी पहचान भी नहीं हुई। 13 अक्तूबर की सुबह करीब साढ़े चार बजे व्यापारी से स्कूटी, 1.18 लाख की नकदी, एक मोबाइल और सोने की चेन लूटी गई। हालांकि स्कूटी वारदात के दिन ही बरामद कर ली गई। पक्का डंगा थाने के एसएचओ के अनुसार मामले की जांच के लिए एक टीम बनाई गई है। जगह-जगह दबिश दी जा रही है। संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है। जम्मू सहित अन्य जिलों की पुलिस से इस मामले जानकारी साझा की गई है। ब्यूरो