जम्मू। साइबर पुलिस ने साइबर फ्रॉड के दो मामलों को सुलझाया है। एक मामले में महिला ने साइबर पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई कि उसने एक टेलीग्राम ग्रुप ज्वाइन किया था। ग्रुप में उसे नौकरी देने के नाम पर 60 हजार रुपये मांगे गए। वह बातों में आ गई और पैसे दे दिए। इसी तरह अन्य महिला से साइबर ठग ने पुलिस अफसर बनकर 50 हजार रुपये ठग लिए। महिला को बताया कि उसका पति पुलिस की गिरफ्त में है। उसे छुड़ाने के लिए 50 हजार रुपये भेज दे। दोनों ही मामलों में महिलाओं ने साइबर पुलिस जम्मू के पास शिकायत दर्ज कराई। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने साइबर ठगों का पता लगाया। साथ ही जिन खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए थे। उन खातों को फ्रीज करवा दिया, ताकि पैसे न निकाले जा सकें। बाद में पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करके पैसे पीड़ितों को लौटाए।