2020 में श्रीनगर के हवल इलाके में गोली मारकर की गई थी हत्या, पेशे से वकील थे कादरी
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कश्मीर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मियां कयूम को 2020 में एक स्थानीय वकील बाबर कादरी की हत्या के मामले में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। बाबर कादरी टीवी समाचार चैनलों में पैनलिस्ट के तौर पर भी शामिल होते थे। उनकी सितंबर 2020 में श्रीनगर शहर के हवल इलाके में उनके ही आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
आधिकारिक सूत्र के अनुसार, मामले की जांच के दौरान यह सामने आया कि कयूम इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता था और कादरी की हत्या के पीछे उसका हाथ था। आरोपी से पूछताछ के साथ मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने हत्या की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। बाद में मामला राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) को सौंप दिया गया। अगस्त 2022 में पुलिस ने श्रीनगर में कयूम और दो अन्य वकीलों के आवासों पर तलाशी ली। जांच के तहत उनके पास से डिजिटल उपकरण, बैंक स्टेटमेंट और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए। सितंबर 2023 में एसआईए ने कादरी के हत्यारों के बारे में जानकारी देने वाले को 10 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की थी। कादरी बार एसोसिएशन नेतृत्व, विशेषकर कयूम के मुखर आलोचक थे और मारे जाने से तीन दिन पहले उन्होंने अपनी जान को खतरा होने का दावा किया था। पुलिस ने यह भी कहा था कि लश्कर-ए-ताइबा (एलईटी) कमांडर साकिब मंज़ूर, जो अगस्त 2021 में एक मुठभेड़ में मारा गया था, कादरी की हत्या के लिए जिम्मेदार था। हालांकि इसको लेकर कोई औपचारिक बयान पुलिस की ओर से सामने नहीं आया है।