-ये हैंडलर पीओके और पाकिस्तान सो गतिविधियों को दे रहे अंजाम
-उड़ी कोर्ट का आदेश इनके आवासों, सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। पुलिस ने आठ आतंकी सरगनाओं को भगोड़ा घोषित कर दिया है। बारामुला के रहने वाले ये सभी दहशतगर्द वर्तमान में पीओके और पाकिस्तान में बैठकर आतंकी साजिशों को अंजाम दे रहे हैं। उड़ी की एक अदालत ने अनुमति मिलने के बाद भगोड़ों के आवास और सार्वजनिक स्थलों पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। इसमें लिखा है कि एक माह में अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दें अन्यथा उनकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।
जिन दहशतगर्दों को भगोड़ा घोषित किया गया है उनमें मोहम्मद आजाद, नसीर अहमद निवासी कुंडी बरजाला,करीम दीन निवासी जबला उड़ी, मोहम्मद हफीज निवासी बड़ा गोवाहालन, मीर अहमद निवासी सिंगतुंग गौहालन, बशीर अहमद निवासी दर्दकूट, शौकत अहमद पोसवाल निवासी गौहालन और अहद भट निवासी सौहारा शामिल है। इनके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में केस दर्ज हैं। सीमा पार से सक्रिय से दहशतगर्द विभिन्न आतंकी संगठनों के साथ मिलकर अशांति फैला रहे हैं।