जम्मू। ग्रेटर कैलाश हत्या मामले में पुलिस की छापेमारी जारी है। बुधवार को इस मामले में शामिल भू माफिया रविंदर गुप्ता उर्फ गोला शाह के फ्लायं मंडाल में बनाए गए आरके रिजार्ट पर पुलिस ने दबिश दी। दबिश के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने रिजार्ट से संबंधित तमाम दस्तावेजों की जांच की। सुबह 10 बजे पहुंची पुलिस टीम ने शाम 3 बजे तक रिजार्ट से संबंधित दस्तावेज चेक किए। दरअसल, गोला शाह की अब तक 70 से अधिक संपत्तियों की खरीद फरोख्त की जानकारी पुलिस के सामने आ चुकी है।
वहीं पुलिस ने गोला शाह की एक लग्जरी को भी जब्त कर लिया है। इस कार का इस्तेमाल घटना के दिन किया गया था। इसके पहले मंगलवार को पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार किए गए हिस्ट्रीशीटर रघुनंदन उर्फ रघु की दो लग्जरी कारें जब्त कर ली थीं। इन कारों का इस्तेमाल भी घटना के दिन किया गया था। अब तक इस मामले में गोला शाह समेत 9 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें पूर्व एसएसपी शेख महमूद, प्रापर्टी डीलर पुरुषोत्तम सिंह उर्फ निक्का, सूरज सिंह, संदीप चाढ़क, विकास सिंह, रविंदर कुमार गुप्ता उर्फ गोला शाह, गोला शाह का बेटा रजत जंडियाल और सचिन सिंह उर्फ संजू शामिल हैं।
बता दें कि इन लोगों पर अवतार सिंह की हत्या का आरोप है। इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है। एसपी अजय शर्मा का कहना है कि इस मामले से संबंधित तमाम लोगाें की संपत्तियों के दस्तावेज चेक किए जा रहे हैं। इसके पहले पूर्व एसएसपी शेख महमूद, गोला शाह के ड्राइवर के आवासों पर भी पुलिस छापेमारी कर चुकी है। जहां से कई तरह के दस्तावेज बरामद किए गए हैं।