- तमिलनाडु के एस थरागावल ने सिडको के उद्योगपति से की धोखाधड़ी
- 10 साल पहले क्राइम ब्रांच जम्मू में दर्ज करवाई थी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सिडको के एक उद्योगपति से 1.85 करोड़ रुपये लेने के बाद चारकोल की जगह उसे मिट्टी और रेत की आपूर्ति करने वाले आरोपी के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने कोर्ट में आरोपपत्र दायर किया है। आरोपी एस. थरागावल तमिलनाडु का रहने वाला है, जिसने चारकोल देने के नाम पर धोखाधड़ी की। क्राइम ब्रांच के पास श्री सीता राम इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड सिडको के निदेशक तपन सिंह दूबे ने 10 साल पहले शिकायत दर्ज करवाई थी। आरोप लगाया था कि उसकी और न्यू एमएमएस एंड संस के मालिक एस थरागावल के बीच चारकोल की आपूर्ति के लिए समझौता हुआ। चारकोल की तय राशि की आधी रकम का भुगतान किया गया। भुगतान के कुछ समय बाद आरोपी ने फिर से संपर्क किया और निर्धारित दर में बढ़ोतरी की मांग की। अन्य कोई विकल्प न होने पर शिकायतकर्ता ने उसे स्वीकार कर लिया और तदनुसार आरोपी को 1.85 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया। भुगतान करने के बाद लंबे इंतजार के बाद आरोपी ने चारकोल की आपूर्ति नहीं की। इसके बाद अगस्त 2012 में मालगाड़ी से आंशिक रूप से सामग्री भेजी, लेकिन जब ट्रेन से सामग्री उतारी तो इसमें चारकोल की जगह मिट्टी और रेत भरा था। शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच की। इसमें आरोप सच साबित हो गए। बुधवार को इस मामले में क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दायर किया है।