श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने शोपियां जिले में दो नशा तस्करों को 500 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तालिब हुसैन सीर और मोहम्मद अजीम सीर निवासी अमशीपोरा के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, विश्वसनीय सूत्रों के आधार पर पुलिस ने शोपियां के वेहिल इलाके में नाका लगाकर मोटरसाइकिल (डीएल5 एसएपी 3926) पर सवार दो लोगों को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर आरोपियों से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस थाना एएनटीएफ श्रीनगर में दोनों तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों से भी अपील की गई है कि आपराधिक वारदातों और नशा तस्करी में शामिल आरोपियों की सूचना पुलिस को दें। ब्यूरो