- मढ़ ब्लाॅक में लोहड़ी चक-चकराली सड़क को अपग्रेड करने का दिया था ठेका
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जम्मू ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों व ठेकेदार पर भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। जम्मू की पीडब्ल्यूडी आरएंडबी डिविजन-3 के अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आरोप है कि ठेकेदार अविकाश चौधरी ने विभागीय इंजीनियरों और अन्य के साथ मिलकर हेराफेरी की। नाबार्ड के तहत मढ़ ब्लाॅक में लोहड़ी चक से सोहागिनी-चकराली तक सड़क को अपग्रेड करने के लिए ठेका दिया गया। यह ठेका कम दरों पर था, लेकिन रिकाॅर्ड में दस्तावेजों का उल्लंघन कर ठेका दिया गया। इससे सरकारी खजाने में बड़ी सेंध लगी।
एसीबी को मिली शिकायत की जांच करने पर पता चला कि रोड का टेंडर करते समय डीपीआर में 50 एमएम प्रीमिक्स बिटुमिन्स मैकडैम बेस कोर्स शामिल नहीं किया गया, जबकि विज्ञापन में इसको शामिल किया गया था। यह सिर्फ अविकाश चौधरी को ठेका देने के लिए किया गया। जांच में पाया गया कि कार्य के विज्ञापन में बिटुमिन्स मैकडैम हेतु प्रति वर्गमीटर के लिए रेट 430 रुपये तय किया था, जिसे ठेकेदार ने 4.30 रुपये भरा था। इस लिहाज से उसे 82 लाख देने थे, जोकि उसने 82 हजार भरे थे। ऐसे में यह सामने आया कि वर्ष 2018 में तब रहे विभाग में पीडब्ल्यूडी डिवीजन-3 जम्मू के संबंधित अधिकारियों में कार्यकारी अभियंता बिक्रम सिंह और एईई गुरचरण सिंह ने ठेकेदार के साथ मिलकर काम में गड़बड़ी की यह भी पता चला कि तत्कालीन कार्यकारी अभियंता बिक्रम सिंह और एईई गुरचरण सिंह ने एक करोड़ 82 लाख के कार्य के लिए 82 लाख अतिरिक्त मंजूर किए। इसके लिए कोई टेंडर नहीं किया गया। जहां तक कि हेड ड्राफ्ट्समैन सुदेश कुमार कोतवाल और सुमेर सिंह के साथ-साथ ड्राफ्ट्समैन शिव दर्शन सिंह जामवाल और अतुल शर्मा ने भी इस बात को नहीं उजागर किया। मामले में आगे की जांच चल रही है।