-निर्दोष चौक के पास वारदात, पुलिस ने एक हमलावर को किया गिरफ्तार, दूसरा फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। कस्बे के निर्दोष चौक के पास रविवार को दिनदहाड़े दो युवकों ने मीट की रेहड़ी लगाने वाले युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घायल युवक को स्थानीय लोगों ने अखनूर उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया। युवक के सिर और बाजू पर घाव हैं। घायल की पहचान राजू ब्रेथ निवासी रायपुर, छत्तीसगढ़ वर्तमान में वार्ड चार अखनूर के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने मामले में एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे निर्दोष चौक के पास दो युवक राजू की रेहड़ी पर आए। उन्होंने आते ही राजू पर तेजधार हथियार से कई बार किए। चौक में लोगों को एकत्रित होते देख दोनों हमलावर फरार हो गए। हमले की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है। घायल युवक राजू पहले एक हमलावर की ही दुकान पर लंबे समय तक काम कर चुका है। युवक के सिर और बाजू पर घाव हैं।
दूसरा हमलावर भी जल्द कर लेंगे गिरफ्तार : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक ने बताया हमले में शामिल दोनों युवाओं की पहचान हो चुकी है। एक हमलावर अमरजीत मेहरा उर्फ टोनी निवासी वार्ड 5 अखनूर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे हमलावर अरुण कुमार निवासी वार्ड 6 अखनूर को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हमले का कारण क्या रहा और इसमें कौन-कौन शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 और आईपीसी की धारा 323, 504, 506 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।